इटावा। उत्तर प्रदेश के आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 के संबंध में भाजपा जिलाध्यक्ष अरुण कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में सनातन धर्म इंटर कॉलेज और एक मैरिज होम स्थित पोलिंग स्टेशनों पर मतदाता सम्मेलन आयोजित किए गए। इन सम्मेलनों का मुख्य उद्देश्य भाजपा के स्नातक प्रत्याशी डॉ. मानवेन्द्र प्रताप गुरुजी और शिक्षक प्रत्याशी इंजी. हरिकिशोर तिवारी के पक्ष में मतदान की अपील करना था।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश महामंत्री गीता शाक्य ने कहा कि संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और बूथ स्तर पर प्रभावी प्रबंधन ही चुनाव में विजय का आधार है। उन्होंने स्नातक व शिक्षक चुनाव को बुद्धिजीवी वर्ग का चुनाव बताते हुए पदाधिकारियों से घर-घर जाकर सरकारी योजनाओं का प्रचार करने का आह्वान किया। सनातन धर्म इंटर कॉलेज में प्रदेश उपाध्यक्ष व जनपद प्रभारी देवेश कोरी ने बताया कि प्रत्येक 20 मतदाताओं पर एक मतदाता प्रमुख नियुक्त किया गया है, ताकि प्रभावी संवाद बना रहे।

सदर विधायक सरिता भदौरिया ने जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर बल दिया। कार्यक्रम का संचालन रजत चौधरी व अभिषेक मिश्रा ने किया, जिसमें पूर्व सांसद सुखदा मिश्रा सहित कई प्रमुख पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में मतदाता उपस्थित रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *