Aligarh News: दिल्ली के पांडव नगर इलाके से अगवा किए गए 8 महीने के बच्चे को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है. बच्चे को अगवा करने के बाद आरोपी उसे लेकर उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के वाजिदपुर गांव पहुंच गए थे. पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों ऋषिपाल, छत्रु और कुसमा को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक शुरुआती पूछताछ में बच्चे के अपहरण की वजह संतान पाने की चाह सामने आई है. आरोप है कि परिवार का नाम आगे बढ़ाने और संतान की इच्छा पूरी करने के लिए बच्चे को अगवा करने की साजिश रची गई थी. इस घटना के सामने आने के बाद पुलिस अब आरोपियों की पूरी साजिश की जांच कर रही है.
