एटा। भंडारे में दावत खाने गए परिवार का आठ वर्षीय बेटा खेलते समय लापता हो गया था। अपहरणकर्ताओं ने फोन कर आठ लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। रकम नहीं मिलने पर बालक की हत्या कर शव छिपा दिया था। इस मामले में 12 साल बाद विशेष न्यायालय ने तीन दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही प्रत्येक पर 25-25 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के वनगांव निवासी लोकमन ने एक अप्रैल 2012 को बेटे आशीष के लापता होने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया था कि एक अप्रैल को मुहल्ले में भंडारे का आयोजन था। इसमें वह परिवार सहित दावत खाने गए थे। वहां से परिवार के सभी सदस्य घर लौट आए, लेकिन उनका आठ वर्षीय बेटा आशीष वहीं खेलता रह गया।
काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजन ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसी दौरान परिजन को जानकारी हुई कि बालक का अपहरण कर लिया गया है। अपहरणकर्ताओं ने फोन कर आठ लाख रुपये की फिरौती मांगी और रकम नहीं देने पर हत्या करने की धमकी दी थी। फिरौती नहीं मिलने पर दोषियों ने बालक की हत्या कर शव छिपा दिया था।
पुलिस ने मामले की विवेचना कर साक्ष्य और गवाह न्यायालय में पेश किए। मामले की सुनवाई विशेष न्यायाधीश दस्यु प्रभावित क्षेत्र शशि भूषण कुमार शांडिल के न्यायालय में हुई। न्यायालय ने रविकुमार निवासी अंबेडकर नगर व रिंकू उर्फ ओमप्रकाश निवासी नगला कुंदन कोतवाली नगर और दरवेश निवासी कछपुरा थाना हाथरस सिटी जिला हाथरस को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई। साथ ही तीनों पर 25-25 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है।
