समाजवादी पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ रविवार को प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन यूपी के कई शहरों में हुआ। सपा कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। कई जगह उनका पुतला भी फूंका गया।
.
रायबरेली में सैकड़ों सपा कार्यकर्ता सड़क पर उतरे और नारेबाजी की। इसके बाद कार्यकर्ता डिग्री कॉलेज चौराहे स्थित शहीद चौक पहुंचे। यहां ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका गया। पुतला छीनने को लेकर पुलिस और कार्यकर्ताओं में नोकझोंक हुई। पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। प्रदर्शन में हरचंदपुर से सपा विधायक राहुल लोधी भी पहुंचे।
हापुड़ में भी सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकाला। इसके बाद ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। मुरादाबाद में कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय से निकले और नारेबाजी की। कार्यकर्ता अंबेडकर पार्क से चार-पांच पुतले लेकर निकले। लेकिन, पुलिस ने उन्हें रोक लिया। सपाईयों ने जैसे ही पुतला जलाने की कोशिश की, पुलिस ने उसे छीन लिया। इस दौरान धक्का-मुक्की भी हुई।
वाराणसी, अमरोहा, शामली, कानपुर, फतेहपुर और बिजनौर में भी प्रदर्शन हुआ। इन जिलों में सपा कार्यकर्ता सड़क पर उतरे। उन्होंने चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की।
अयोध्या में सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि लोकतंत्र को बचाना जरूरी है। बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के दिए वोट के अधिकार को सुरक्षित रखना है। संविधान की रक्षा भी जरूरी है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर 5 अक्टूबर को प्रदेश के सभी जिलों में पैदल मार्च निकाला जाएगा।
प्रदर्शन की तस्वीरें देखिए…

हापुड़ में सपा कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला जलाया। इस दौरान पुलिसकर्मी पुतला बुझाते नजर आए।

रायबरेली में सपा कार्यकर्ताओं से पुलिस ने पुतला छीनने की कोशिश की। इस बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की भी हुई।

शामली में सपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच पुतले को लेकर खींचतान हुई।

मुरादाबाद में सपा कार्यकर्ताओं ने पुतला जलाने की कोशिश की। इस बीच पुलिस और सपा कार्यकर्ताओं के बीच खींचतान भी हुई।

शामली में सपा कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे को लेकर पैदल मार्च निकाला।
2 से 8 अक्टूबर तक चलेगा आंदोलन
रायबरेली सपा जिलाध्यक्ष इंजीनियर वीरेंद्र यादव ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश और इंडिया गठबंधन के फैसले के तहत प्रदेशभर में प्रदर्शन किए जा रहे हैं। 2 अक्टूबर से शुरू हुआ चरणबद्ध आंदोलन 8 अक्टूबर तक चलेगा। जिलाध्यक्ष ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की मांग भी की।
प्रदर्शन में इंडिया गठबंधन के घटक दलों के नेता, सपा के जिला स्तरीय पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर नारेबाजी की। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ विरोध जताया।
—————————
ये खबर भी पढ़ें…
मथुरा में लापता लड़का बरसाना में मिला:परिवार ने केलीकुंज के बाहर धरना दिया था

मथुरा में लापता हुआ हाथरस का 16 साल का लड़का शनिवार को बरामद कर लिया गया। लड़का बरसाना मंदिर के पास लाड़ली आश्रम से मिला। पुलिस उसे लेकर उसके गांव बारामई खेड़ा के लिए रवाना हो गई है। उसके साथ परिजन भी हैं। पढ़िए पूरी खबर…
