सरधना। दौराला रोड पर तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से घायल बुजुर्ग की शनिवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया। बुजुर्ग की मौत से परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर बाइक सवार की तलाश शुरू कर दी है।


दौराला रोड स्थित हनुमंत एन्क्लेव निवासी भगवान सहाय (64) शुक्रवार रात किसी काम से बाजार गए थे। घर लौटते समय वह सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार में आई बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि आरोपी चालक बाइक लेकर मौके से भाग निकला। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों और स्थानीय लोगों ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें मेरठ रेफर कर दिया। शनिवार को उपचार के दौरान भगवान सहाय ने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव काे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ दौराला का कहना है कि पुलिस फरार बाइक सवार की तलाश में जुटी है।



Source link