जनपद के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। सीतापुर-गोला मार्ग पर एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार मां, बेटे और उनकी मामी को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में बाइक सवार तीनों लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
शादी समारोह से लौट रहा था परिवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामकोट थाना क्षेत्र के ग्राम अरथाना निवासी हिमांशु पांडेय (25) अपनी मां रेखा पांडेय (50) और मामी सुनीता (45) पत्नी जयशंकर बाजपेई के साथ बाइक से एक शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे थे। रविवार सुबह जैसे ही उनकी बाइक कोतवाली देहात के कचनार चौकी क्षेत्र अंतर्गत ककरहा के पास अंगरासी मोड़ पर पहुंची, तभी सीतापुर से गोला की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
मौके पर मची चीख-पुकार
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हिमांशु और उसकी मां रेखा पांडेय की मौके पर ही सांसें थम गईं। वहीं, गंभीर रूप से घायल मामी सुनीता को सूचना पर पहुंची एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजा गया, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक ट्रक को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही कचनार चौकी प्रभारी टीबी सिंह और कोतवाली देहात थानाध्यक्ष अमर सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है, जिसके बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
