आगरा कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला विद्यालय वाहन परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक हुई। जिलाधिकारी ने सुबह स्कूल खुलने के समय विशेष प्रवर्तन अभियान चलाने के आदेश दिए। उन्होंने निजी वैन या अभिभावकों के समूह के अनुबंधित वाहनों की फिटनेस, क्षमता, अग्निशमन उपकरण और चालक की पात्रता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
मिशन सेफ फ्यूचर 2.0 के तहत 25 अगस्त तक चलाए जा रहे सघन अभियान की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी मनीष बंसल ने स्पष्ट किया कि अनफिट स्कूली वाहन किसी भी हाल में सड़कों पर संचालित न हों। समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि जिले के 412 स्कूलों के तहत कुल 1421 वाहन पंजीकृत हैं। अब तक अभियान में 140 वाहनों का चालान किया गया है और 37 वाहनों को सीज किया है।
10 अगस्त की सूची में शामिल 79 अनफिट वाहनों में से 7 की फिटनेस पूरी हो चुकी है, जबकि 72 वाहनों का सत्यापन लंबित है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि लंबित 72 वाहनों का परिवहन विभाग मौके पर भौतिक सत्यापन करे। यदि कोई अनफिट वाहन सड़क पर चलता पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। विद्यालय प्रबंधन भी सक्रिय भूमिका निभाए। चालकों और सीज किए गए वाहनों की विद्यालयवार सूची तैयार कर अगली बैठक में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर एडीएम सिटी यमुनाधर चौहान, एआरटीओ आलोक अग्रवाल, डीआईओएस (बालिका) विश्वप्रताप सिंह सहित कई विद्यालयों के संचालक और प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।