- प्राथमिक विद्यालय बघौरा का निरीक्षण, घर-घर संपर्क कर छूटे बच्चों को जोड़ने के निर्देश
उरई। बेसिक शिक्षा विभाग के स्कूल चलो अभियान के तहत गुरुवार को प्राथमिक विद्यालय बघौरा, नगर क्षेत्र उरई का निरीक्षण जिला समन्वयक (सामुदायिक सहभागिता) अमित कुमार ने किया। इस दौरान विद्यालय में शैक्षिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की उपस्थिति, मूलभूत सुविधाओं और नामांकन अभियान की प्रगति का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान आयोजित विशेष नामांकन अभियान में पांच नए छात्र-छात्राओं का नामांकन कराया गया। इस मौके पर अभिभावकों और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ने का आह्वान किया गया।
जिला समन्वयक ने विद्यालय की स्वच्छता, व्यवस्थाओं और शिक्षण कार्य की सराहना करते हुए शिक्षकों को निर्देश दिए कि घर-घर संपर्क अभियान चलाकर विद्यालय से बाहर रह रहे बच्चों का चिन्हांकन करें और उनका शीघ्र नामांकन सुनिश्चित करें। साथ ही नव नामांकित विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति और सीखने के स्तर पर विशेष ध्यान देने को कहा। कार्यक्रम के दौरान शिक्षक, अभिभावक और छात्र-छात्राओं ने “हर बच्चा स्कूल जाए, पढ़े और आगे बढ़े” का संदेश देते हुए स्कूल चलो अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया
