आगरा स्मार्ट सिटी में 1100 करोड़ रुपये खर्च होने के बाद भी खुले पड़े नाले, जर्जर सड़कों सहित 15 सूत्रीय मांगों को लेकर बुधवार को समाजवादी पार्टी ने नगर निगम में प्रदर्शन किया। नगरायुक्त से जवाब मांगा। उन्होंने 15 दिन में काम पूरे कराने का आश्वासन दिया।

पूछता है आगरा अभियान के तहत सपा महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास के नेतृत्व में सैंकड़ों कार्यकर्ता बुधवार को नगर निगम पहुंचे। यहां नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य के सामने बैठकर उन्होंने सवाल किए। जवाब नहीं मिलने पर कार्यकर्ता भड़क गए। नगर निगम में भ्रष्टाचार व्याप्त होने के आरोप लगाते हुए शहर की बदहाली के लिए जिम्मेदार ठहराया। सपा नेताओं ने पूर्व में सौंपे गए 15 सूत्रीय ज्ञापन पर अब तक कार्रवाई नहीं होने पर रोष व्यक्त किया।

नगरायुक्त से वार्ता के दौरान जर्जर सड़कों, जलभराव, खुले नालों में हुई मौतों, स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के 1100 करोड़ रुपये के कार्यों की जांच और पेयजल संकट जैसे मुद्दों पर दोनों पक्षों में बहस हुई। सपा ने शहर को आपदा ग्रस्त घोषित करने और खुले नालों की समस्या का तत्काल समाधान कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।

नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए 15 दिन में आवश्यक कार्य पूरे कराने की बात कही। इस पर शब्बीर अब्बास ने कहा कि 15 दिन बाद सपा कार्यकर्ता खुद जमीनी हकीकत परखेंगे। इस दौरान प्रदेश सचिव राहुल चतुर्वेदी, राम सहाय यादव, देवेंद्र यादव सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *