हाथरस जंक्शन थाना अंतर्गत पुरा चौकी क्षेत्र में पुरा कलां गांव है। इसमें रहने वाले किसान कमल सिंह का पुत्र सचिन कुमार अलीगढ़ के डीएस कॉलेज में बीएएलएलबी द्वितीय वर्ष का छात्र था। 22 अगस्त की तड़के तीन बजे जब परिजन जागे तो देखा कि सचिन नहीं उठा, जबकि बताया जा रहा है कि वह सुबह जल्दी उठता था।
छात्र की संदिग्ध हालाल में मौत की सूचना के बाद पुलिस गांव पहुंची। परिजनों से पोस्टमार्टम कराने को कहा, पर परिजनों ने इसका विरोध किया। अंतत: बिना पोस्टमार्टम के सचिन का गांव में अंतिम संस्कार कर दिया गया। अंतिम संस्कार स्थल पर हाथरस एएसपी, सीओ, तहसीलदार आदि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंच गए।
मृतक के साथी विधि छात्रों ने मौत को विवि से जोड़कर आक्रोश जताया
छात्र की मौत की सूचना जब अन्य विधि छात्रों को हुई तो सभी गांव की ओर रवाना हो गए। अंतिम संस्कार स्थल पर पहुंचे मृतक के साथी विधि छात्रों ने राजा महेंद्र प्रताप सिंह यूनिवर्सिटी और वीसी पर आरोप लगाया कि विधि छात्रों का फेल होना और आगे प्रमोट न करने की तानाशाही से परेशान होकर सचिन ने खुदकुशी की।
खुदकशी या मौत की कुछ और वजह
जहां एक ओर सचिन के साथी विधि छात्र मौत की वजह विवि की तानाशाही मान रहे हैं, वहीं अंतिम संस्कार स्थल पर परिजनों का मौत की वजह अटैक आदि बताते सुना गया। अभी परिजन, मृतक के साथी, ग्रामीण अंतिम संस्कार स्थल पर हैं।
सचिन था सबसे छोटा बेटा
बताया जा रहा है कि मृतक सचिन से बड़े दो भाई हैं, वह सबसे छोटा था। वह रोजाना पढ़ने के लिए हाथरस से अलीगढ़ जाता था। परिजनों का पोस्टमार्टम न कराने को लेकर पुलिस से नोंक-झोंक भी हुई।
