होमगार्ड भर्ती परीक्षा में जिम्मेदारों की गलती के कारण काफी संख्या में अभ्यर्थियों की परीक्षा छूट गई। इस पर उन्होंने जीआईसी केंद्र पर हंगामा कर दिया। इसके बाद कलेक्ट्रेट पहुंच कर शिकायत की। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने उनकी परेशानी सुनने के बाद दूसरी पाली में सभी को परीक्षा दिलवाई।
होमगार्ड भर्ती परीक्षा में मथुरा और कई अन्य जिलों के परीक्षार्थियों का मैनपुरी के आगरा रोड स्थित राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। उनके प्रवेशपत्र में जीआईसी, आगरा रोड के बाद जिले का नाम नहीं लिखा गया। उसके स्थान पर जिले का पिन कोड अंकित था। अभ्यर्थियों ने गूगल पर परीक्षा केंद्र के बारे में पड़ताल की। इंटरनेट पर उतनी जानकारी देने से उन्हें केंद्र की लोकेशन आगरा के शाहगंज स्थित जीआईसी दिखाई गई। सुबह 50 से अधिक अभ्यर्थी केंद्र पर पहुंच गए।