जनगणना के पहले चरण में मकान सूचीकरण (हाउस लिस्टिंग) और गणना का कार्य रविवार को विशेष अभियान के रूप में चला। जिले को 8694 हाउस लिस्टिंग ब्लॉकों में बांटा गया है, जहां 10 हजार से अधिक प्रगणक और सुपरवाइजर घर-घर जाकर नंबर देकर सूची तैयार कर रहे हैं।
डीएम मनीष बंसल ने लोगों से इस राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय सहयोग करने की अपील की है। मकान सूचीकरण एवं गणना का कार्य 20 जून तक कराया जाएगा। इससे पहले 7 से 21 मई तक स्वगणना की सुविधा दी गई थी। जनगणना के पहले दिन ताजमहल, आगरा किला और फतेहपुर सीकरी जैसे ऐतिहासिक स्थलों की लिस्टिंग कर अभियान का शुभारंभ किया गया था।
डीएम ने सभी अधिकारियों और प्रगणकों को यह कार्य पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। खेरागढ़ तहसील के प्राथमिक विद्यालय गढ़मुखा में तैनात दिव्यांग शिक्षामित्र कन्हैया पूरी तन्मयता से प्रगणक का दायित्व निभा रहे हैं। पहले जिस प्रगणक की ड्यूटी लगाई गई थी, उनका स्वास्थ्य खराब हो गया। इसके बाद कन्हैया ने स्वेच्छा से आगे आकर ड्यूटी लगवाई। डीएम मनीष बंसल ने शिक्षामित्र की प्रशंसा की है।
अप्रशिक्षित कर्मियों से हो रही परेशानी
जनगणना कार्य कुछ व्यावहारिक दिक्कतें भी आ रही हैं। कई जगह अप्रशिक्षित कर्मियों को फील्ड में जनगणना के लिए भेजा जा रहा है। उचित प्रशिक्षण न होने के कारण इन कर्मियों को मकान सूचीकरण और डाटा दर्ज करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
