आगरा में मेट्रो बृहस्पतिवार को 80 किमी. प्रतिघंटे की गति से ट्रैक पर दौड़ी। अचानक उसी ट्रैक पर दूसरी ट्रेन होने का सिग्नल मिला। सिग्नल पाते ही मेट्रो में खुद ही ब्रेक लगने लगे। मेट्रो रेल संरक्षा आयुक्त ने इसका सजीव प्रसारण देखा और अच्छे संचालन से आश्वस्त हुए।

संरक्षा आयुक्त नीलाभ्र सेन गुप्ता और पांच सदस्यों की टीम ने मनकामेश्वर से आईएसबीटी तक मेट्रो को अधिकतम 80 किमी प्रतिघंटे की गति से चलवाया। नियंत्रण कक्ष से सजीव प्रसारण देखने के बाद माना गया कि इससे कभी ऐसी परिस्थिति बनने पर हादसा नहीं होगा। टीम ने टेलीकॉम, विद्युत आपूर्ति, स्पीड-ब्रेकिंग टेस्ट समेत अन्य सुरक्षा बिंदुओं पर ऑडिट किया।

पहले दिन टीम ने मोटर ट्रॉली से स्टेशन कंट्रोल रूम, स्वचालित सीढ़ियां, लिफ्ट, फायर अलार्म सिस्टम समेत अन्य की जांच की थी। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के उप महाप्रबंधक पंचानन मिश्रा ने बताया कि दो दिवसीय ऑडिट में सभी सुरक्षा मानक ठीक मिले हैं। इसकी रिपोर्ट टीम शासन को भेजेगी। अगले महीने में बिजलीघर से आईएसबीटी तक मेट्रो सेवा शुरू हो जाएगी। ऑडिट के चलते दो दिन मेट्रो सेवा भी बंद रही। शुक्रवार से यथावत संचालन शुरू हो गया है।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *