फतेहाबाद। कस्बे में तीन दिवसीय ऐतिहासिक कंस मेले का रविवार को धार्मिक उल्लास और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुभारंभ हुआ। बारिश के बावजूद बिहारी जी महाराज का डोला गांधी चौक स्थित मंदिर से धूमधाम से निकाला गया। शोभायात्रा कस्बे के विभिन्न मार्गों से होते हुए रतन देवी स्कूल पहुंची, जहां बिहारी जी महाराज को सुसज्जित झांकी पर विराजमान किया। कस्बे में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने बिहारी जी महाराज की आरती उतारी और पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।

शोभायात्रा में एक दर्जन से अधिक आकर्षक झांकियां शामिल थीं, जिनमें सबसे आगे कंस का पुतला चल रहा था। झांकियों के पीछे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। रतन देवी स्कूल में पूर्व मंत्री रामसकल गुर्जर, पूर्व विधायक डॉ. राजेंद्र सिंह और पूर्व विधायक जितेंद्र वर्मा ने बिहारी जी महाराज की आरती उतारकर मेले का विधिवत शुभारंभ किया।

पूर्व मंत्री रामसकल गुर्जर ने कहा कि कंस मेला फतेहाबाद की सांस्कृतिक विरासत और पहचान है। यह मेला आपसी भाईचारे और एकता का संदेश देता है। उन्होंने इस विरासत को आने वाली पीढ़ियों के लिए संजोकर रखने की जिम्मेदारी पर जोर दिया। पूर्व विधायक डॉ. राजेंद्र सिंह ने बताया कि फतेहाबाद का कंस मेला लगभग 140 वर्ष पुराना है और अंग्रेजों के समय से चला आ रहा है। तीन दिनों तक चलने वाले इस मेले में बड़ी संख्या में आसपास के गांवों के साथ ही दूसरे क्षेत्रों से भी लोग पहुंचते हैं। पूर्व विधायक जितेंद्र वर्मा ने कहा कि ऐतिहासिक मेले हमारी पुरानी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ते हैं और वर्तमान समय में ऐसे मेलों का संरक्षण आवश्यक है।

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुआ शुभारंभ

सहायक पुलिस आयुक्त फतेहाबाद इमरान अहमद और प्रभारी निरीक्षक फतेहाबाद विनोद कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पांच निरीक्षक, 20 उपनिरीक्षक और अन्य पुलिस बल तैनात रहा। महिला बाजार, शोभायात्रा के मार्ग और झांकियों के साथ पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के साथ ही यातायात व्यवस्था पर भी कड़ी नजर रखी।

इस अवसर पर दधिलीला कमेटी के पदाधिकारी अध्यक्ष शेखर गुप्ता, सुमित अग्रवाल, अमित असोलिया, नीतेश गुप्ता, प्रमांश गुप्ता, पुष्पेंद्र गुप्ता और कंस मेला कमेटी के पदाधिकारी अध्यक्ष उमाशंकर गुप्ता, सचिन गुप्ता, आकांक्षा मेरोठिया, गौरव गुप्ता, कुलदीप वर्मा, प्रिंस गुप्ता, विवेक गुप्ता, अंकित गुप्ता सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *