आगरा। आगरा की खेल प्रतिभाओं को अब ऑनलाइन पंजीकरण की अड़चन मैदान तक पहुंचने से नहीं रोक पाएगी। 18 वर्ष से कम उम्र के प्रशिक्षार्थियों और शौकिया खिलाड़ियों को ‘खेल साथी’ पोर्टल पर पंजीकरण कराने में आ रही दिक्कतों के समाधान के लिए खेल विभाग ने एकलव्य स्टेडियम में तीन दिवसीय विशेष अभियान शुरू किया है।

16 से 18 सितंबर तक चलने वाले अभियान में खिलाड़ियों को पंजीकरण प्रक्रिया समझाने के साथ ऑनलाइन समस्याओं का मौके पर समाधान किया जाएगा। खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर प्रदेश के विभिन्न जिलों में स्थानीय प्रशिक्षण के लिए आने वाले 18 वर्ष से कम उम्र के प्रशिक्षार्थियों और शौकिया खिलाड़ियों का खेल साथी पोर्टल (khelsathi.in) पर पंजीकरण अनिवार्य किया गया है। इसके लिए पोर्टल पर Athlete Registration for Training मॉड्यूल के माध्यम से खिलाड़ी स्वयं ऑनलाइन पंजीकरण कर सकेंगे।

निर्धारित विभागीय शुल्क भी ऑनलाइन ही जमा करना होगा। ऑनलाइन पंजीकरण के बाद कार्यालय स्तर से आवेदन स्वीकार किए जाने और शुल्क प्राप्त होने पर खिलाड़ी का आईडी कार्ड पोर्टल पर स्वत: जनरेट होगा। खिलाड़ी इसे डाउनलोड कर सकेंगे। प्रशिक्षण के लिए स्टेडियम आने पर वैध पहचान पत्र प्रदर्शित करना अनिवार्य होगा।

एकलव्य स्टेडियम में विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण लेने वाले बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ी इस व्यवस्था के दायरे में आएंगे। विभाग का यह अभियान खास तौर पर उन खिलाड़ियों के लिए उपयोगी होगा, जिन्हें पहली बार ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी करनी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें