आगरा। शहीद नगर वार्ड के जिस टैगोर नगर इलाके में लोगों ने गंदगी, जलनिकासी की समस्याओं से परेशान होकर मकान बिकाऊ के पोस्टर लगाए थे, वहां कागजों में 28 सफाई कर्मचारी तैनात हैं मगर सफाई नहीं होती है। सहायक नगर आयुक्त ने बुधवार को निरीक्षण किया तो सुबह 7:30 बजे तक सुपरवाइजर पिंटू के क्षेत्र में 26 सफाईकर्मियों में से केवल 6 ही मिले। पूरे वार्ड में आधे कर्मचारी ही ड्यूटी पर मिले, जबकि आधे का पता नहीं चला। इनके खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की गई है।
सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने अपने निरीक्षण की रिपोर्ट नगर आयुक्त को सौंपी, जिसमें कहा गया कि शहीद नगर में चार सुपरवाइजरों के पास 87 सफाई कर्मचारी हैं। इनमें से आधे ही उन्हें निरीक्षण में मिल सके। एक क्षेत्र में सुपरवाइजर आजाद के साथ सभी सफाईकर्मी गैरहाजिर मिले। नाले-नालियों से सिल्ट ही नहीं निकाली गई। वार्ड में गंदगी के ढेर लगे मिले। क्षेत्रीय लोगों ने उन्हें बताया कि वार्ड में सेनेटरी इंस्पेक्टर और सुपरवाइजर निरीक्षण में कभी नजर नहीं आए। वह अपने खर्च से निजी कर्मचारियों को बुलाकर सफाई कराते हैं। सहायक नगर आयुक्त ने जोनल सेनेटरी ऑफिसर से इस पर जवाब मांगा है।
टैगोर नगर में सड़क तोड़कर निकाला सीवर चैंबर
आगरा। शहीद नगर के टैगोर नगर में मकान बिकाऊ हैं.. के पोस्टर लगाने की अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद से नगर निगम ने वीए टेक वबाग के सहयोग से सीवर लाइन की सफाई का काम शुरू कराया। 48 घंटे यह अभियान चला। यहां आरसीसी से बनी सड़क तोड़कर जमीन के नीचे दबे सीवर चैंबर को खोजकर खोला और सीवर लाइन की पूरी तरह सफाई कराई। अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार और सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने यहां निरीक्षण किया और क्षेत्र की सभी पुलिया ऊंची करने के निर्देश दिए।