आगरा। धोखाधड़ी के दो अलग-अलग मामलों में 13.55 लाख रुपये की ठगी की गई। साइबर ठगों ने निवेश पर मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर युवती से 8.8 लाख और कमेटी के नाम पर एक महिला से 4.75 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई।

सिकंदरा थाना क्षेत्र के आवास विकास कॉलोनी सेक्टर-16 निवासी स्वाति ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि साइबर ठगों ने उन्हें पहले एक टेलीग्राम समूह से जोड़ा। इसके बाद रुपये निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया। झांसे में आकर उन्होंने 13 अप्रैल से 18 अप्रैल तक अलग-अलग बैंक खातों में 8.8 लाख रुपये जमा कर दिए। जब उन्होंने जमा रकम निकालने की कोशिश की तो ठगों ने उनसे और रुपये जमा करने को कहा। इस पर उन्हें ठगी का एहसास हुआ। एसीपी हरीपर्वत बजरंग प्रसाद का कहना है कि साइबर क्राइम थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।

कमेटी के नाम पर धोखा

तेज नगर, कमला नगर निवासी रितिका रामचंदानी ने बताया कि वर्षा नागपाल ने उनसे कमेटी (बीसी) के नाम पर 4,75,400 रुपये लिए थे। यह रकम अलग-अलग तारीखों पर ऑनलाइन दी गई थी, जिसके साक्ष्य उनके पास हैं। उन्होंने जब अपनी धनराशि वापस मांगी तो वर्षा गाली-गलौज करने लगी। वर्षा के पति विशाल नागपाल ने परिवार को धमकी दी और उनके भाई के साथ हाथापाई भी की। आरोप लगाया कि उन्होंने थाना कमला नगर में तीन बार शिकायती पत्र दिया लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत की तब प्राथमिकी दर्ज की गई। एसीपी छत्ता श्वेता वर्मा ने बताया कि यह लेनदेन का विवाद है, जिसमें दोनों पक्षों को बुलाकर पूछताछ की जाएगी और साक्ष्य संकलन के बाद कार्रवाई होगी।



Source link