आगरा। दीपावली पर ट्रेनों में ज्वलनशील पदार्थों से होने वाली अनहोनी रोकने के लिए बृहस्पतिवार को आगरा कैंट स्टेशन पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। आरपीएफ और जीआरपी की टीमों ने स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में यात्रियों के सामान की जांच की। स्निफर डॉग की मदद से संदिग्ध वस्तुओं की तलाश की गई।
त्योहार पर यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। जांच के दौरान पटाखे, पेट्रोल, केरोसिन, गैस सिलिंडर और अन्य ज्वलनशील सामग्री पर विशेष नजर रखी गई ताकि कोई यात्री इन्हें लेकर ट्रेन में सफर न कर सके।
आगरा रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि दिवाली और छठ पूजा के मद्देनजर स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। यात्रियों से प्रतिबंधित ज्वलनशील और विस्फोटक सामग्री साथ नहीं रखने की अपील की गई है। किसी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की जानकारी मिलने पर आरपीएफ या जीआरपी को सूचना देने को कहा गया है।

