फतेहपुर। किसानों को निर्धारित दरों पर खाद उपलब्ध कराने और अधिक कीमत वसूली की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए डीएम निधि गुप्ता वत्स के निर्देश पर टीम ने बुधवार को जिलेभर में उर्वरक विक्रेताओं के यहां छापा मारा। जांच के दौरान अनियमितताएं मिलने पर एक उर्वरक केंद्र का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया। एक अन्य को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। एक विक्रेता को चेतावनी दी गई।

जिला कृषि अधिकारी नरोत्तम कुमार ने बताया कि सभी विकासखंडों में उर्वरक निरीक्षकों की टीमों ने बी पैक्स धारूपुर, मां गायत्री ट्रेडर्स, किसान ट्रेडर्स, उमराव कृषि सेवा केंद्र, सुमन खाद भंडार, श्री ट्रेडर्स और बालाजी ट्रेडर्स का निरीक्षण किया। निर्धारित दर से अधिक कीमत पर खाद बेचने की शिकायत मिलने पर बी पैक्स धारूपुर को नोटिस जारी किया गया।

वहीं आईएफएफडीसी कृषक सेवा केंद्र फकीराबाद सराय में किसानों को कैश मेमो नहीं देने और अभिलेखों के साथ वितरण पंजिका अद्यतन नहीं रखने पर लाइसेंस निलंबित कर दिया गया। गायत्री ट्रेडर्स अमौली में रेट और स्टॉक बोर्ड अपडेट नहीं मिलने पर चेतावनी दी गई।

जिला कृषि अधिकारी ने सभी उर्वरक विक्रेताओं को निर्देश दिए हैं कि किसानों को उनकी जोत और फार्मर रजिस्ट्री के आधार पर निर्धारित दरों पर बिना किसी टैगिंग के खाद उपलब्ध कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद वितरण में किसी भी तरह की अनियमितता या मनमानी पाए जाने पर संबंधित विक्रेता के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।



Source link