शाहगंज स्थित होली मैक्स शू फैक्टरी पर एसआईबी टीम का छापा, व्यापारी ने जमा कराए 6 लाख रुपये
माई सिटी रिपोर्टर
आगरा। राज्य कर विभाग की विशेष अनुसंधान शाखा (एसआईबी) ने शाहगंज स्थित एक जूता फैक्टरी में बोगस फर्मों से आईटीसी क्लेम की आड़ में 8.45 लाख रुपये की जीएसटी चोरी पकड़ी है। जांच के दौरान स्टॉक में 90 लाख रुपये का अंतर मिला है। कार्रवाई के बाद व्यापारी ने छह लाख रुपये टैक्स जमा करा दिया।
बोगस फर्मों से आईटीसी क्लेम की आड़ में चल रहे इस फर्जीवाड़े का खुलासा डाटा एनालिसिस से हुआ है। जीएसटी विभाग ने मैसर्स होली मैक्स शू फैक्टरी प्रकाश नगर, भोगीपुरा रोड, शाहगंज को चिह्नित किया था। यह फर्म फुटवियर निर्माण और बिक्री का कार्य करती है। विभागीय जांच में सामने आया कि व्यापारी ने अस्तित्वहीन फर्मों से 46.96 लाख रुपये की इनवर्ड सप्लाई दिखाकर 8.45 लाख रुपये की आईटीसी ले ली। फर्म का टर्नओवर लगातार बढ़ रहा था लेकिन बिक्री और वैल्यू एडिशन पर नकद में कोई कर (कैश सेटऑफ) जमा नहीं किया जा रहा था। नियम- 86(बी) का उल्लंघन करते हुए 1 प्रतिशत कैश सेटऑफ का भी पालन नहीं हुआ। 50 हजार रुपये से अधिक की इनवर्ड सप्लाई होने के बावजूद ई-वे बिल प्रदर्शित नहीं हो रहे थे। वहीं, जीएसटीआर-3बी रिटर्न में ई-वे बिल के सापेक्ष ज्यादा आउटवर्ड सप्लाई दिखाई जा रही थी। प्रारंभिक जांच में तथ्य पुख्ता मिलने के बाद एसआईबी टीम ने 2 सितंबर 2026 को छापा मारा और फर्जी आईटीसी क्लेम की आड़ में हो रही जीएसटी चोरी का खुलासा किया।
वर्जन
स्टॉक में भी गड़बड़ी मिली है। मामले में फर्म के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
पंकज गांधी, अपर आयुक्त ग्रेड-1
