यमुनापार(आगरा)। थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र में हाथरस मार्ग स्थित मिलिंद बुद्ध विहार से भगवान गौतम बुद्ध की करीब 25 किलो वजनी पीतल की प्रतिमा चोरी हो गई। चोरों ने दीवार फांदकर ताला तोड़ा और वारदात को अंजाम दिया। घटनास्थल टेढ़ी बगिया पुलिस चौकी से महज 250 मीटर की दूरी पर है।
सूचना पर भीम आर्मी और बहुजन समाज पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता पहुंच गए। उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए करीब दो घंटे तक प्रदर्शन किया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया है। मिलिंद बुद्ध विहार करीब 40 वर्ष पुराना है। इसकी देखरेख भंते प्रज्ञा रतन करते हैं। भंते पूरनमल ने बताया कि बुधवार सुबह करीब सात बजे उन्होंने बुद्ध वंदना की थी। इसके बाद मुख्य द्वार पर ताला लगाकर चले गए।
बृहस्पतिवार सुबह मुख्य गेट पर ताला लगा था लेकिन अंदर प्रतिमा गृह का ताला टूटा मिला। भगवान बुद्ध की पीतल की प्रतिमा गायब थी। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। भीम आर्मी के प्रदेश प्रवक्ता राजेश कुमार सम्राट, केवल सिंह और बहुजन समाज पार्टी के पार्षद डॉ. यशपाल सिंह और पूर्व पार्षद होरीलाल बघेल के नेतृत्व में पहुंचे लोगों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान पूर्व नेता पार्षद दल डॉ. कर्मवीर भारती, केवल सिंह, हिमांशु विलियन, आशुतोष, डॉ. अजय कुमार, रितिक, हर्ष, आकाश सागर, सतीश संगम और सुनील कुमार उर्फ गोविंदा भी रहे।
वर्जन
– प्रतिमा चोरी के मामले में तहरीर मिल गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द खुलासा कर लिया जाएगा। – श्वेता वर्मा, एसीपी छत्ता

