अछनेरा। ब्लॉक क्षेत्र के गांव गोबरा स्थित सरकारी गोशाला में गोवंशों की संख्या और व्यवस्थाओं को लेकर बड़ा भ्रष्टाचार सामने आया है। शुक्रवार शाम करीब साढ़े 6 बजे गोसेवा आयोग के सदस्य (राज्यमंत्री स्तर) रमाकांत उपाध्याय की ओर से किए गए औचक निरीक्षण में भारी अनियमितताएं पाई गईं।

गोशाला के सरकारी रिकॉर्ड में जहां 603 गायें दर्ज थीं, वहीं मौके पर केवल 449 गायें ही मौजूद मिलीं। रिकॉर्ड से 154 गोवंश कम मिलने, हरा चारा पूरी तरह गायब होने और गंदगी के ढेर मिलने पर नाराज आयोग सदस्य ने फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी के माध्यम से कमेटी गठित कराकर 3 वर्ष की अनियमितताओं की गहन जांच कराई जाएगी और दोषी अधिकारी, ग्राम प्रधान या कर्मचारी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।

भ्रष्टाचार खुलने पर पुलिस के सामने शिकायतकर्ता को दौड़ाकर पीटा

निरीक्षण के बाद आयोग सदस्य के रवाना होते ही गोशाला परिसर का गेट जंग का मैदान बन गया। ग्रामीणों के अनुसार, भ्रष्टाचार खुलने से बौखलाए ग्राम प्रधान और गौशाला संचालकों ने अछनेरा पुलिस की मौजूदगी में ही शिकायतकर्ता विष्णु राजपूत के साथ मारपीट कर दी और उसे दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। पीड़ित विष्णु राजपूत का आरोप है कि दबंगों के हमले के दौरान पुलिस मूकदर्शक बनी रही और स्थानीय ग्रामीणों ने बमुश्किल उसे बचाया। पीड़ित ने पूर्व में भी जान से मारने की धमकी की शिकायत दी थी। घटना के बाद पीड़ित ने अछनेरा थाने पहुंचकर लिखित तहरीर दी है।

मामला संज्ञान में आया है। पीड़ित ने शिकायत दी है, उसे मेडिकल के लिए भेजा गया है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

– शैलेंद्र सिंह, एसीपी अछनेरा



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *