एटा। शहर के मौनी बाबा की बगीची निवासी एक व्यक्ति से सरिया खरीदने के नाम पर साइबर ठगी हो गई। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि ठगों ने टाटा स्टील कंपनी के नाम का इस्तेमाल कर उससे 91630 रुपये ठग लिए। शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पीड़ित पुष्पेंद्र कुमार के अनुसार वह संगम बिहार कॉलोनी में मकान का निर्माण करा रहा है। मकान निर्माण के लिए सरिया की जरूरत होने पर उसने इंटरनेट से टाटा स्टील कंपनी का मोबाइल नंबर तलाश कर संपर्क किया। फोन पर बातचीत करने वाले व्यक्ति ने खुद को टाटा स्टील कंपनी से संबंधित बताया और सरिया कीमत आदि के बारे में जानकारी दी। इसके बाद उसने सरिया खरीदने के लिए ऑर्डर किया।

पहले ऑर्डर के तहत 11 क्विंटल 45 किलो सरिया के लिए 67600 रुपये आरटीजीएस के माध्यम से बताए गए बैंक खाते में भेज दिए। 27 जुलाई को रकम भेजने के बाद कथित कंपनी प्रतिनिधि ने फोन कर सरिया का वजन कम होने की बात कही और वजन बढ़ाने के लिए 23630 रुपये और जमा करने को कहा।

उसके कहने पर पीड़ित ने दोबारा रकम भेज दी। इसके बाद आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया। पीड़ित ने बैंक जाकर खातों की जानकारी की तो पता चला कि रकम बिहार के समस्तीपुर जिले के बैंक खाते में गई है। पीड़ित ने पुलिस से मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ठगी गई 91630 रुपये की रकम वापस कराने की मांग की है। सीओ सिटी कीर्तिका सिंह ने बताया कि मामले में कोतवाली नगर पुलिस की साइबर टीम जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। संवाद



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *