पिता की मौत के बाद परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, एक लाख रुपये की आर्थिक मदद देकर बच्चों की पढ़ाई का पूरा खर्च उठाने की घोषणा
अछनेरा (अग्र भारत)। इंसानियत और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल पेश करते हुए फतेहपुर सीकरी के ब्लॉक प्रमुख पति गुड्डू चाहर ने एक जरूरतमंद परिवार की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है। उन्होंने पिता को खो चुके पांच बच्चों की शिक्षा का पूरा जिम्मा उठाने की घोषणा की है। इसके साथ ही पीड़ित परिवार को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की।
जानकारी के अनुसार, ब्लॉक अछनेरा क्षेत्र के गांव कचौरा निवासी 40 वर्षीय उधम सिंह पुत्र भगवान सिंह का 24 नवंबर को ब्रेन हैमरेज के चलते निधन हो गया था। उनके परिवार में चार बेटियां और एक बेटा है। पिता के अचानक चले जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। इस कठिन समय में बच्चों की परवरिश के साथ-साथ उनकी पढ़ाई जारी रखने की चिंता भी परिवार के सामने खड़ी हो गई।
गांव पहुंचकर परिवार को दी एक लाख रुपये की सहायता
परिवार की स्थिति की जानकारी मिलने पर शुक्रवार को गुड्डू चाहर गांव कचौरा पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। साथ ही भरोसा दिलाया कि पांचों बच्चों की पढ़ाई-लिखाई का पूरा खर्च वह उठाएंगे, ताकि पिता के निधन के बाद उनकी शिक्षा प्रभावित न हो।
ग्रामीणों ने की पहल की सराहना
गुड्डू चाहर की इस घोषणा से पीड़ित परिवार को बड़ी राहत मिली है। ग्रामीणों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कठिन समय में जरूरतमंद परिवार के बच्चों की शिक्षा की जिम्मेदारी लेना समाज के लिए प्रेरणादायक कदम है। इस मदद से बच्चों को अपनी पढ़ाई जारी रखने में सहारा मिलेगा।
Also Read:
