तिगरी धाम(अमरोहा)। पूर्वजों की आत्मा की शांति और श्रद्धांजलि के लिए सोमवार शाम तिगरीधाम, गढ़मुक्तेश्वर और ब्रजघाट में श्रद्धालु गंगा में दीपदान करेंगे। सूर्यास्त के समय गंगा में दीप प्रवाहित करने की परंपरा महाभारत काल से जुड़ी मानी जाती है।


तिगरीधाम के ऐतिहासिक गंगा मेले को मिनी कुंभ भी कहा जाता है। 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा का मुख्य स्नान होगा। इससे एक दिन पहले 23 नवंबर को कार्तिक शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी पर दीपदान किया जाएगा। श्रद्धालु दिवंगत परिजनों की आत्मा की शांति की कामना के साथ गंगा में दीप प्रवाहित करेंगे। इससे घाट दीपों की रोशनी से जगमगा उठेंगे और दृश्य आसमान के तारों जैसा नजर आएगा।

श्रीबाबा गंगानाथ मंदिर के पंडित आशुतोष त्रिवेदी ने बताया कि धार्मिक मान्यता के अनुसार द्वापर युग में महाभारत युद्ध के बाद कुरुक्षेत्र में कौरव सेना और पांडवों के अनेक संबंधियों के शव पड़े थे। उनकी आत्मा की शांति के लिए भगवान श्रीकृष्ण ने पांडवों को दीपदान का मार्ग बताया था। इसके बाद पांडवों ने श्रीकृष्ण की मौजूदगी में गंगा तट पर दीपदान किया। तभी से यह परंपरा चली आ रही है। आज भी लोग दिवंगत परिजनों की स्मृति में दीपदान करते हैं। इस दौरान कई श्रद्धालु भावुक हो जाते हैं।



Source link