-मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट में सबसे अधिक 151 चालानों का समाधान
-अपर सिविल जज निशा अली ने 14, सिविल जज विजय प्रकाश ने 12 का किया निस्तारण
संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। जिला जज मयंक चौहान के आदेश पर शनिवार को जनपद न्यायालय व न्यायालय बिधूना में यातायात चालान विशेष लोक अदालत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अपर जिला जज प्रथम पारूल जैन, नोडल अधिकारी व विशेष न्यायाधीश गोस्वामी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट निधि सिसौदिया, सिविल जज तारकेश्वरी प्रसाद सिंह तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रोमा गुप्ता ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अन्य न्यायिक अधिकारियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।
अपर जिला जज प्रथम पारूल जैन ने मजिस्ट्रेट न्यायालयों के न्यायिक अधिकारियों को सतर्कता के साथ अधिक से अधिक चालानों का निस्तारण कर आयोजन को सफल बनाने के निर्देश दिए। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रोमा गुप्ता ने बताया कि विशेष लोक अदालत में मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के तहत कुल 262 यातायात चालानों का निस्तारण हुआ और 143330 रुपये का अर्थदंड ऑनलाइन माध्यम से जमा कराया गया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती निधि सिसौदिया ने 151, न्यायिक मजिस्ट्रेट सुश्री शालिनी त्यागी ने 25, सिविल जज अमन शुक्ला ने 24, सिविल जज तारकेश्वरी प्रसाद सिंह ने 18, अपर सिविल जज निशा अली ने 14, सिविल जज विजय प्रकाश ने 12, सिविल जज विष्णुशंकर पांडेय ने नौ तथा सिविल जज नाजिम अकबर ने नौ चालानों का निस्तारण किया।
—–
केस-1
5500 का चालान 3000 रुपये में निपटा
कन्नौज स्थित मैसर्स आरएस इंटरप्राइजेज के मालिक रोहित के ट्रक का 10 नवंबर 2025 को 5500 रुपये का चालान हुआ था। लंबे समय से परेशान रोहित के मामले का शनिवार को लोक अदालत में 3000 रुपये जमा कराकर निस्तारण कर दिया गया।
—–
केस-2
5000 की जगह 2000 रुपये जमा कर मिली राहत
कानपुर देहात के पुखरायां कस्बे के राजेंद्र नगर निवासी गौरव गुप्ता के वाहन का पिछले साल 5000 रुपये का चालान कटा था। विभागों के चक्कर काट रहे गौरव की समस्या का लोक अदालत में 2000 रुपये जमा कराकर समाधान कर दिया गया।
—-
केस-3
1,500 का चालान महज 200 रुपये में हल
औरैया शहर के पढ़ीन दरवाजा निवासी राजकुमार के ऑटो का तीन माह पहले यातायात पुलिस ने 1500 रुपये का चालान किया था। लोक अदालत में केवल 200 रुपये जमा होने पर उनका प्रकरण निस्तारित हो गया।
—-
दो हजार का चालान एक हजार में निस्तारित
शहर के मोहल्ले सत्तेश्वर निवासी चंद्र भूषण के ट्रक का कुछ दिन पहले दो हजार रुपये का चालान हुआ था। लोक अदालत एक हजार रुपये में समस्या का समाधान कर दिया गया।
