Ayodhya 14 Kosi Parikrama: रामनगरी अयोध्या में आस्था के साथ-साथ अब स्थानीय अर्थव्यवस्था भी नई ऊंचाइयों को छू रही है. कार्तिक महीने के पावन अवसर पर आयोजित 14 कोसी और पंचकोसी परिक्रमा ने इस बार पुराने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं, जहां देश के कोने-कोने से करीब 80 लाख श्रद्धालु रामलला की नगरी पहुंचे. एक तरफ जहां सरयू स्नान और मठ-मंदिरों में दर्शन-पूजन से पूरी अयोध्या भक्तिमय नजर आई, वहीं लाखों भक्तों के इस सैलाब ने होटल, प्रसाद, फूल-माला और छोटे-बड़े दुकानदारों के कारोबार में जबरदस्त जान फूंक दी है.
प्रमुख मठ-मंदिरों में लगा भक्तों का तांता
दरअसल, भगवान राम की नगरी अयोध्या में कार्तिक महीने का विशेष धार्मिक महत्व है. इस पूरे महीने श्रद्धालुओं का आवागमन जारी रहता है. 14 कोसी और पंचकोसी परिक्रमा में शामिल होने के लिए देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं. परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली. वहीं हनुमानगढ़ी, राम मंदिर, कनक भवन सहित अन्य प्रमुख मठ-मंदिरों में भी दर्शन-पूजन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा.
स्थानीय कारोबार और अर्थव्यवस्था को मिली नई मजबूती
रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद अयोध्या में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या का सकारात्मक असर स्थानीय कारोबार पर भी दिखाई दे रहा है. होटल, धर्मशाला, रेस्टोरेंट, प्रसाद, फूल-माला, पूजन सामग्री, परिवहन और छोटे-बड़े दुकानदारों के कारोबार में तेजी देखने को मिली. बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं की वजह से स्थानीय व्यापारियों को बेहतर आमदनी का अवसर मिला है. इससे अयोध्या की अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती मिली है.
व्यापार मंडल अध्यक्ष बोले- साधु-संतों से लेकर व्यापारियों तक को मिला लाभ
व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज गुप्ता ने बताया कि रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद से अयोध्या में प्रतिदिन उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है. कार्तिक का पूरा महीना विशेष पवित्र माना जाता है. इस दौरान चौदहकोसी और पंचकोसी परिक्रमा में शामिल होने के लिए लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं. दोनों परिक्रमा को मिलाकर लगभग 80 लाख श्रद्धालुओं का आगमन हुआ है. उन्होंने कहा कि अयोध्या धर्म और आस्था की नगरी है. यहां का व्यापार, साधु-संत, मठ-मंदिर और स्थानीय नागरिक सभी श्रद्धालुओं पर निर्भर हैं. इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने से व्यापारियों के साथ-साथ मठ-मंदिरों और स्थानीय लोगों को भी काफी लाभ मिला है.
परिक्रमा मार्ग के विकास से श्रद्धालुओं को मिली सहूलियत
व्यापारी रुचि गुप्ता ने बताया कि पहले की अपेक्षा अब अयोध्या में विकास कार्य होने से श्रद्धालुओं की संख्या में काफी वृद्धि हुई है. पहले श्रद्धालु परिक्रमा करने आते थे, लेकिन रास्तों में कंकड़-पत्थर होने की वजह से उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था. इस बार परिक्रमा मार्ग का विकास होने से श्रद्धालुओं को काफी सहूलियत मिली है. बेहतर सुविधाओं और लगातार बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या का सीधा फायदा स्थानीय व्यापार को मिल रहा है. उन्होंने कहा कि पहले की तुलना में कारोबार में काफी बढ़ोतरी हुई है.
विज्ञापन
