राम जन्मभूमि परिसर स्थित सभी मंदिरों में 15 मई तक धर्म ध्वज फहराने लगेगा। परिसर के सभी उप मंदिरों में धर्म ध्वज फहराने का काम चल रहा है। इसी क्रम में 29 अप्रैल को सीएम योगी आदित्यनाथ परकोटा स्थित शिव मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वज फहराएंगे। इस कार्यक्रम में 700 मेहमानों को आमंत्रित किया जा रहा है।
इस भव्य आयोजन को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। कार्यक्रम में 700 से अधिक विशिष्ट अतिथि, संत-महंत, धर्माचार्य, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक शामिल होंगे। आयोजन समिति की ओर से अतिथियों को निमंत्रण पत्र वितरित किए जा रहे हैं। अब तक राम मंदिर समेत परकोटा स्थित गणेश मंदिर, हनुमान मंदिर, सूर्य मंदिर, माता अन्नपूर्णा मंदिर पर ध्वजारोहण किया जा चुका है। शिव मंदिर पर सीएम योगी ध्वजारोहण करेंगे। शेषावतार मंदिर पर डिप्टी सीएम केशव मौर्य और माता भगवती के मंदिर पर साध्वी ऋतंभरा ध्वजारोहण करेंगी।
ये भी पढ़ें – भीषण गर्मी को देखते हुए निजी स्कूलों का समय भी बदला, दोपहर में इस समय के बाद नहीं खुले सकेंगे स्कूल
ये भी पढ़ें – जन आक्रोश पदयात्रा: महिला अधिकारों के लिए सड़क पर उतरे सीएम योगी, बोले- विपक्ष का महिला विरोधी चेहरा उजागर
राम मंदिर ट्रस्ट के अनुसार 29 अप्रैल का कार्यक्रम वैदिक मंत्रोच्चार, पूजन-अर्चन और पारंपरिक विधि-विधान के साथ संपन्न होगा। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा और सुरक्षा व्यवस्था भी सुदृढ़ रखी जाएगी। परकोटा के उत्तरी पूर्वी कोने पर मंच तैयार किया जा रहा है। यहां सीएम योगी मेहमानों को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के लाइव प्रसारण की तैयारी की जा रही है।
