Haze persisted throughout the day; the Terai region shivered.

शहर में बुधवार को सुबह के समय छाया कोहरा। -संवाद

बहराइच। तराई में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। बुधवार सुबह शहर से लेकर गांवों तक घना कोहरा छाया रहा। सुबह 5:45 बजे सड़कों पर कोहरे के कारण वाहन चालकों को लाइट जलाकर चलना पड़ा। सुबह छह बजे दृश्यता घटकर महज 150 मीटर रह गई। इससे वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। हालांकि, सुबह साढ़े सात बजे तक कोहरा छंट गया, लेकिन दिनभर धुंध छाई रही। न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस पहुंचने से ठंड का एहसास बढ़ गया है।


बुधवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। धूप निकलने के बावजूद ठंडी हवा और धुंध से राहत नहीं मिली। सुबह और शाम ठंड का असर अधिक महसूस किया जा रहा है। गर्म कपड़े पहनकर निकलने वालों की संख्या भी बढ़ने लगी है। शहर में लोग हाफ स्वेटर और हाफ जैकेट पहने नजर आए।

मौसम विशेषज्ञ डॉ. पीएल त्रिपाठी के मुताबिक, तराई में पश्चिमी विक्षोभ का असर बना हुआ है। इसके चलते सुबह कोहरा और दिन में धुंध छा रही है। आगामी दिनों में कोहरा और धुंध बढ़ने की संभावना है। ऐसे में सुबह के समय वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।



Source link