Raids conducted on 23 seed shops; 35 samples collected

बीज की दुकान पर जांच करते जिला कृ​षि अ​धिकारी सीपी सिंह। स्रोत: विभाग 

गोंडा। जिलाधिकारी रमेश रंजन के निर्देश पर बुधवार को कृषि विभाग की टीम ने जिले में बीज बिक्री केंद्रों पर छापा मारा। इस दौरान 23 दुकानों का निरीक्षण कर गेहूं, धान और सरसों के बीजों के 35 नमूने लिए गए। चार दुकानों पर अनियमितताएं मिलने पर उनके संचालकों से स्पष्टीकरण मांगा गया।


जिला कृषि अधिकारी सीपी सिंह ने बताया कि जांच के दौरान कुछ केंद्रों में बीज बिक्री और स्टॉक रजिस्टर अपूर्ण मिले। इसके अलावा बिक्री रसीद भी नहीं दी जा रही थी। इस पर मौर्य बीज भंडार राजा सगरा, एग्री जंक्शन भगोहर, संशोधित बीज भंडार टिकरी और अरविंद खाद बीज भंडार नवाबगंज के संचालकों से स्पष्टीकरण तलब किया गया है।

उन्होंने बताया कि सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही दुकानदारों को गुणवत्ता मानकों के अनुरूप बीज बेचने के निर्देश दिए गए हैं।

डीएपी के लिए समितियों के चक्कर लगा रहे किसान

फोटो-30

धानेपुर। गेहूं और सरसों की बोआई के अंतिम समय में किसान डीएपी के लिए समितियों के चक्कर लगा रहे हैं। बुधवार को धानेपुर समिति पर खाद लेने पहुंचे किसान नरेंद्र यादव ने बताया कि वह कई दिन से समिति आ रहे हैं लेकिन हर बार खाद खत्म होने की बात कहकर लौटा दिया जाता है। बरसाती ने बताया कि वह 15 किलोमीटर दूर से खाद लेने आए हैं। खाद नहीं मिलने से गेहूं की बोआई प्रभावित हो रही है।

विंध्याचल, मालिकराम मौर्य और रामनरेश ने बताया कि बोआई का अंतिम समय चल रहा है लेकिन समितियों पर डीएपी उपलब्ध नहीं है। इससे फसल की बोआई पिछड़ने की आशंका है। धानेपुर समिति के सचिव रामभवन ने बताया कि दो दिन में खाद पहुंच जाएगी। माधवगंज समिति के सचिव दिवाकर तिवारी ने भी दो से तीन दिन में डीएपी उपलब्ध होने की बात कही।



Source link