जयप्रकाश नगर। राज्यसभा के उपसभापति पद पर तीसरी बार निर्विरोध चुने जाने के बाद अपने पैतृक गांव दलजीत टोला पहुंचे हरिवंश का ग्रामीणों ने गर्मजोशी और आत्मीयता के साथ स्वागत किया। पटना से आरा होते हुए नाव के रास्ते महुली घाट पहुंचे हरिवंश के स्वागत में घाट से लेकर गांव तक उत्सव जैसा माहौल रहा। महुली घाट पर खवासपुर के लोगों ने उनका अभिनंदन किया, जबकि दलजीत टोला में सैकड़ों ग्रामीणों ने गाजे-बाजे और फूल-मालाओं के साथ उनका स्वागत किया। गांव पहुंचने पर हरिवंश ने ग्रामीणों से मुलाकात की और बचपन की यादें साझा कीं। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास, सड़क-पुल जैसी बुनियादी सुविधाओं और युवाओं की सामाजिक भूमिका पर भी अपने विचार रखे।

गांव की मिट्टी से जुड़ाव और सादगी की ग्रामीणों ने की सराहना

शनिवार की शाम हरिवंश अपने गांव के लोगों के बीच रहे। सिताबदियारा के 27 टोलों से ग्रामीण बारी-बारी से पहुंचकर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं देते रहे। इस दौरान उनकी सादगी और सहज व्यवहार चर्चा का विषय बना रहा। ग्रामीणों ने कहा कि इतने बड़े संवैधानिक पद पर पहुंचने के बावजूद गांव आने पर उनके साथ न तो गाड़ियों का लंबा काफिला होता है और न ही किसी तरह का दिखावा। वह सीधे ग्रामीणों के बीच पहुंचते हैं और सहजता से बातचीत करते हैं। यही अपनापन उन्हें गांव के लोगों से जोड़ता है।

नीम के पेड़ के नीचे बैठकर करते थे पढ़ाई

ग्रामीणों के बीच अपने बचपन के दिनों को याद करते हुए हरिवंश ने बताया कि उन्होंने वर्ष 1970 में गांव छोड़ा था। उस समय गांव में शिक्षा की सुविधाएं बेहद सीमित थीं। वह नीम के पेड़ के नीचे बैठकर पढ़ाई करते थे। शिक्षक घर आकर भी उन्हें पढ़ाया करते थे। उन्होंने स्व. राजकिशोर सिंह और सुरेश गिरि के स्नेह एवं मार्गदर्शन को याद करते हुए कहा कि इन शिक्षकों का उनके जीवन में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके आशीर्वाद और प्रेरणा ने जीवन में आगे बढ़ने का रास्ता दिखाया।

सड़क और पुल से बदलेगी क्षेत्र की तस्वीर

क्षेत्र और देश के विकास पर चर्चा करते हुए हरिवंश ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद विकास की नई क्रांति आई है। सड़क नेटवर्क के विस्तार से गांवों को जोड़ने का काम तेजी से हुआ है। बैरिया और आरा को जोड़ने के लिए गंगा नदी पर पुल बनने जा रहा है, जो क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। उन्होंने कहा कि विकास की योजनाएं और संसाधन पहले भी उपलब्ध थे, लेकिन क्षेत्र का पिछड़ापन दूर करने के लिए अपेक्षित प्रयास नहीं किए गए। सिताबदियारा क्षेत्र में पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर ने जयप्रकाश नगर के विकास की नींव रखी थी, जबकि बिहार के हिस्से वाले गांवों की तस्वीर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रयासों से बदली है। आज गांवों में बिजली, अस्पताल, सड़क और विद्यालय जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हैं।

सकारात्मक कार्य करने वालों को आगे बढ़ाएं युवा

हरिवंश ने युवाओं से बेहतर समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज के लिए सकारात्मक कार्य करने वाले लोगों को प्रोत्साहित कर आगे बढ़ाना चाहिए। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही समाज में सकारात्मक बदलाव संभव है। गांव पहुंचने पर हरिवंश ने काली मंदिर और हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर राम बाबू यादव, गजेंद्र सिंह, रमेश सिंह, अर्जुन सिंह पल्लू, शिवपरसन सिंह, महंत यादव, विभूति यादव, रविंद्र सिंह, संतोष सिंह, राजेश सिंह, श्रीप्रकाश सिंह, बड़े सिंह, दादू सिंह, विक्की सिंह, शिवपूजन सिंह, मुकेश सिंह, रामबिहारी सिंह, मोहन बिहारी सिंह, श्रीपति यादव और तेजन यादव सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।



Source link