हलधरपुर। थाना क्षेत्र के बिलौझा उसरा गांव निवासी वीरेंद्र चौहान की शिकायत व न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रवीण कुमार यादव के आदेश पर धोखाधड़ी के आरोप में पुलिस ने शुक्रवार की शाम मां बेटे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप है कि 11.50 लाख रुपये लेने के बाद भी उन्होंने जमीन रजिस्ट्री नहीं की। मांगने पर जान से मारने की धमकी दी।
प्राथमिकी के अनुसार वीरेंद्र चौहान (61) की पूरब दिशा में नसीराबाद कला निवासी झूना देवी की लगभग 28 बिस्वा भूमि है। आर्थिक आवश्यकता का हवाला देते हुए झूना देवी ने अपनी संपूर्ण आराजी में से 10 बिस्वा जमीन वीरेंद्र को 11.50 लाख रुपये में बेचने का प्रस्ताव रखा, जिस पर सहमति बन गई। तय शर्तों के तहत 1.50 लाख रुपये नकद झूना देवी को दिए और 01 मार्च 2025 को 10 लाख रुपये उनके बेटे उपेंद्र गोंड़ बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए। पूरी रकम अदा करने के बावजूद जब बैनामा करने के लिए कहा तो झूना देवी और उपेंद्र टालमटोल करने लगे। मामला बढ़ने पर हलधरपुर थाने में दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ, इसमें तय हुआ कि मां बेटे रकम वापस करेंगे या जमीन की रजिस्ट्री करेंगे। लेकिन दोनों ने समझौते की शर्तों को भी नहीं माना। कुछ दिन बाद जानकारी मिली कि उस भूमि को किसी अन्य व्यक्ति को बेचने की तैयारी की जा रही है। इसी सिलसिले में 10 सितंबर 2026 की सुबह करीब 10 बजे जब वह झूना देवी के घर पहुंचे और रजिस्ट्री करने को कहा तो दोनों गाली गलौज करते हुए मारपीट की और दोबारा पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। थानाध्यक्ष भगवान राम ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। विवेचना कर जल्द ही आरोप पत्र कोर्ट में जमा कर दिया जाएगा।
