जयप्रकाशनगर। लोकनायक जयप्रकाश नारायण के पैतृक गांव सिताबदियारा की बदहाल स्थिति पर राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश ने गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने गांव की दुर्दशा के लिए जिले से लेकर ब्लॉक स्तर तक के अधिकारियों की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिताबदियारा के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य कराए हैं, लेकिन अधिकारियों की उदासीनता के कारण ग्रामीणों को उनका अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है। गांव की वास्तविक स्थिति और समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया जाएगा।
शनिवार की शाम अपने पैतृक आवास दलजीत टोला में पत्रकारों से बातचीत करते हुए हरिवंश ने सड़क, अस्पताल, ग्राम सचिवालय और परिषदीय विद्यालयों की बदहाल व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लोकनायक के पैतृक गांव में बुनियादी सुविधाओं की ऐसी स्थिति चिंताजनक है। विकास कार्यों का लाभ ग्रामीणों तक पहुंचना चाहिए, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यशैली में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिख रही है।
100 बेड की मान्यता, फिर भी अस्पताल की व्यवस्था बदहाल
हरिवंश ने जयप्रकाशनगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने इस अस्पताल को 100 बेड की मान्यता दी है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की लापरवाही से स्वास्थ्य सेवाएं लगातार प्रभावित हो रही हैं। अस्पताल में तीन चिकित्सकों की तैनाती बताई जाती है, लेकिन अक्सर एक ही चिकित्सक मौजूद रहते हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के प्रति गंभीर होना चाहिए, ताकि ग्रामीणों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके।
ग्राम सचिवालय के संचालन पर भी उठाए सवाल
ग्राम सचिवालय की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के सिताबदियारा आगमन के दौरान ग्रामीणों को बताया गया था कि ग्राम सचिवालय के माध्यम से 23 प्रकार के कार्यों का लाभ गांव में ही मिलेगा। इसका उद्देश्य ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं के लिए इधर-उधर भटकने से बचाना था। लेकिन मौजूदा स्थिति देखकर ऐसा नहीं लगता कि ग्राम सचिवालय का संचालन निर्धारित उद्देश्य के अनुरूप हो रहा है।
अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की जरूरत
हरिवंश ने गांव की सड़कों और अन्य बुनियादी सुविधाओं की स्थिति पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण के पैतृक गांव की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए। मुख्यमंत्री को यहां की जमीनी हकीकत से अवगत कराया जाएगा, ताकि विकास कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय हो और ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का वास्तविक लाभ मिल सके। इस मौके पर रामबाबू यादव, गजेंद्र सिंह, राजेश सिंह, संतोष सिंह, श्रीप्रकाश सिंह और योगेंद्र सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
