बलरामपुर। घरेलू रसोई गैस उपभोक्ताओं के नाम पर सिलिंडरों की खरीद-फरोख्त का अवैध कारोबार चलने का मामला सामने आया है। तुलसीपुर कस्बे में दो दुकानों की जांच के दौरान करीब 210 गैस पासबुक मिली हैं। इनमें से 202 पासबुक एक दुकानदार के पास बरामद हुईं। दुकानों से इंडेन और भारत गैस के घरेलू सिलिंडर, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, मोटर और गैस रिफिलिंग के उपकरण भी बरामद किए गए हैं। जांच में घरेलू गैस सिलिंडरों की अवैध खरीद-फरोख्त और रिफिलिंग किए जाने की पुष्टि होने पर पूर्ति विभाग ने दो लोगों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है।

मामले की शुरुआत 16 नवंबर को हुई, जब तुलसीपुर कस्बे की दुकानों पर घरेलू गैस सिलिंडर रखकर अवैध बिक्री और रिफिलिंग किए जाने की सूचना मिली। प्रभारी निरीक्षक ने इसकी जानकारी उपजिलाधिकारी को दी। उनके निर्देश पर पुलिस बल के साथ संबंधित दुकानों की जांच की गई और सिलिंडर समेत अन्य सामग्री कब्जे में ली गई। बाद में मामले की विस्तृत जांच पूर्ति विभाग को सौंपी गई।

जांच के दौरान पुरानी बाजार निवासी पिंटू की दुकान पर गैस एजेंसियों के करीब 202 उपभोक्ताओं की पासबुक मिलीं। पिंटू ने अपने बयान में बताया कि वह उपभोक्ताओं से गैस पासबुक और खाली सिलिंडर लेकर एजेंसी से रिफिल कराकर वापस करता है। इसके बदले वह 50 से 60 रुपये मेहनताना लेता है। उसने दुकान पर कुल 21 सिलिंडर होने की बात भी बताई। उसका कहना था कि पुलिस के पहुंचने से पहले वह 17 सिलिंडर उपभोक्ताओं को वापस कर चुका था। जांच के दौरान वह पासबुक और सिलिंडरों के संबंध में संतोषजनक अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका।

डॉक्टरी के साथ गैस रिफिलिंग का भी काम

दूसरे मामले में शीतलापुर निवासी उत्पल आर्या की दुकान से इंडेन के दो घरेलू सिलिंडर बरामद हुए। इनमें एक भरा और एक खाली था। इसके अलावा भारत गैस के तीन खाली सिलिंडर, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, आधा हॉर्सपावर की मोटर और गैस रिफिलिंग पाइप भी मिला। दुकान से आठ गैस पासबुक भी बरामद हुईं। अपने बयान में उत्पल आर्या ने डॉक्टरी के साथ गैस उपकरण बेचने का काम करने की बात स्वीकार की।

ज्वलनशील गैस के अवैध भंडारण पर कार्रवाई

पूर्ति विभाग की जांच में घरेलू रसोई गैस सिलिंडरों की अवैध बिक्री और रिफिलिंग को द्रवित पेट्रोलियम गैस प्रदाय एवं वितरण विनियमन आदेश, 2000 का उल्लंघन माना गया है। बरामद नौ सिलिंडरों के साथ इलेक्ट्रॉनिक कांटा, मोटर और रिफिलिंग उपकरण को उदय भारत गैस ग्रामीण वितरक एजेंसी, सेमरी के प्रतिनिधि की सुपुर्दगी में सुरक्षित रखवा दिया गया है।

जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने 24 नवंबर को रिपोर्ट दर्ज कराने की अनुमति दी थी। इसके बाद पूर्ति निरीक्षक जितेंद्र कुमार गुप्ता ने 27 नवंबर को पिंटू और उत्पल आर्या के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई। सीओ अभय प्रताप मल्ल ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कराई जा रही है।



Source link