बरेली के कैंट इलाके में एक प्लॉट पर कथित कब्जे के विरोध में बुधवार सुबह महिला और उसकी बेटी ने कलक्ट्रेट गेट पर आत्मदाह का प्रयास किया। दोनों ने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क लिया था। हालांकि, मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत उन्हें बचा लिया।
मानपुर चिकटिया निवासी गौरव ने आरोप लगाया कि उनके 200 गज के प्लॉट पर पड़ोसी राजवीर करीब दो महीने से कब्जा किए हुए है। प्लॉट पर निर्माण कार्य किए जाने का विरोध करने के लिए मंगलवार सुबह गौरव के परिवार की महिलाएं पहुंची थीं। आरोप है कि वहां कैंट थाने के हल्का प्रभारी राकेश दरोगा भी मौजूद थे। महिलाओं ने काम रोकने की बात कही।
आरोप है कि उनके साथ मारपीट कर उन्हें प्लॉट से भगा दिया गया। गौरव के अनुसार, इस मामले को लेकर कई बार पुलिस अधिकारियों, जिलाधिकारी और सदर उपजिलाधिकारी से शिकायत की गई थी। हालांकि, उनकी समस्या का कोई समाधान नहीं निकला। इसी हताशा में परिवार ने यह कदम उठाया।
