सुरियावां, मोढ़ और भदोही क्षेत्र की बड़ी आबादी को रोडवेज बस सेवा की सुविधा मिली है। सोमवार से सुरियावां ब्लॉक के कस्तूरीपुर चौराहे से नई बस सेवा शुरू की गई। बस प्रतिदिन सुबह सात बजे कस्तूरीपुर से चलकर सुरियावां, ज्ञानपुर और भदोही होते हुए रामपुर मड़ियाहूं पहुंचेगी। इसके बाद जौनपुर होते हुए वाराणसी जाएगी। सोमवार को भदोही के सपा विधायक जाहिद बेग ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जिले में रोडवेज बसों की सीमित उपलब्धता के कारण यात्रियों को आवागमन में परेशानी होती है। भदोही, वाराणसी, जौनपुर और प्रयागराज मार्गों पर निजी बसों का अधिक संचालन होता है। ऐसे में यात्रियों को सफर के लिए अधिक किराया चुकाना पड़ता है। इस मार्ग पर लंबे समय से रोडवेज बस चलाने की मांग की जा रही थी। लोगों की मांग को देखते हुए कस्तूरीपुर से बस सेवा शुरू की गई है। बस निर्धारित मार्ग से ही वापस लौटेगी। विधायक जाहिद बेग ने कहा कि बस सेवा शुरू होने से क्षेत्र की बड़ी आबादी को जौनपुर और वाराणसी आने-जाने में सहूलियत मिलेगी। इस मौके पर लोलारख नाथ उपाध्याय, रमापति यादव, संतोष यादव, शीलवंता यादव, रविनाथ, चंदा यादव, जितेंद्र यादव, राजू मोदनवाल, लालजी मिश्र, रामधनी यादव, एसपी सिंह चौहान और हसन अंसारी आदि मौजूद रहे।
