संवाद न्यूज एजेंसी, आगरा
Updated Wed, 07 Aug 2024 03:44 AM IST

पटियाली। नगर के मोहल्ला वृत्यना निवासी किशन पांडेय की पत्नी की संदिग्ध हाल में हुई मौत के मामले में मृतका के भाई की तहरीर पर ससुरालीजन के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच -पड़ताल शुरू कर दी है। किशन पांडेय पुत्र लालाराम पांडेय की गर्भवती पत्नी पूनम की सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। ससुरालीजन के अनुसार, पूनम को प्रसव पीड़ा हुई थी, उसे उपचार के लिए ले जाते समय उसकी मौत हो गई। जानकारी मिलने पर मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। दोनों पक्षों में विवाद के बाद मायके पक्ष ने पुलिस को सूचना दी थी। इसके बाद सीओ पटियाली राजकुमार पांडेय के नेतृत्व में पुलिस ने श्मशान घाट पहुंचकर अर्थी से पूनम का शव उठाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। इस मामले में मृतका के भाई दीपक ने पति किशन पांडेय, ससुर लालाराम पांडेय, सास गुड्डो देवी, ननद कीर्ति व जेठ अवधेश उर्फ टररो पांडेय के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। थाना प्रभारी निरीक्षक गोविंद बल्लभ शर्मा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
