आगरा। ताजनगरी में दो दिनों तक चली गरज-चमक संग हुई बारिश के बाद शुक्रवार को दोपहर में उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। दोपहर बाद चार बजे अचानक काले बादल घिर आए और चंद मिनटों में ही तेज बारिश हुई। हालांकि, यह शहर के कुछ हिस्सों में ही हुई।
पश्चिमपुरी, शास्त्रीपुरम, यूपीएसआईडीसी, सिकंदरा, दयालबाग, वाटरवर्क्स, कमला नगर, बल्केश्वर, लंगड़े की चौकी आदि क्षेत्रों में तेज बारिश से लोगों को कुछ राहत मिली। रात 9 बजे के आसपास फिर से रिमझिम बारिश ने भिगोया। शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार शनिवार को एक बार फिर गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं। हालांकि, रविवार से मौसम पूरी तरह साफ होने और धूप निकलने की उम्मीद जताई गई है। रविवार से तापमान में इजाफा होने और उमस बढ़ने के आसार रहेंगे।
