-440 वोल्ट का तार टूटकर गिरा, तीन छोटे बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

संवाद न्यूज एजेंसी

मोहनिया। चैनपुर के सतौना गांव के बधार में शनिवार को खेत में धान का बोझा बंधवाने के दौरान बिजली का 440 वोल्ट का तार टूटकर किसान आलोक कुमार (35) पर गिर गया। करंट लगने से वह झुलस गया। परिजन सदर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है।

सतौना गांव निवासी आलोक शनिवार को खेत में धान का बोझा बंधवा रहा था। इसी दौरान खेत के ऊपर से गुजर रहा तार अचानक टूटकर गिर पड़ा। बताया जाता है कि यह तार गांव के ही कुछ लोगों ने अपने चेंबर तक बिजली पहुंचाने के लिए लगाया था। तार की चपेट में आने से आलोक गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास के खेतों में काम कर रहे लोगों ने उन्हें बिजली के संपर्क से अलग किया। निजी अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां चिकित्सक जयप्रकाश पटेल ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। आलोक के तीन छोटे बच्चे हैं। मौत से पत्नी और बच्चों के सामने भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। थानाध्यक्ष गिरीश कुमार ने बताया कि करंट की चपेट में आने से किसान की मौत हुई है।



Source link