जमानिया। जनगणना की तैयारियों के बीच ऑनलाइन स्वगणना अभियान की रफ्तार बेहद धीमी है। शुरुआती पांच दिनों में पूरे क्षेत्र के महज 613 परिवारों ने ही ऑनलाइन पोर्टल पर अपना विवरण दर्ज कराया है। ऐसे में 30 नवंबर तक स्वगणना का लक्ष्य पूरा करना प्रशासन के लिए चुनौती बनता जा रहा है।

प्रशासन के लिए चिंता इसलिए भी बढ़ गई है, क्योंकि स्वगणना पूरी करने के लिए अब सीमित समय बचा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 30 नवंबर तक ऑनलाइन स्वगणना का कार्य पूरा होना है। इसके अगले दिन यानी एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक विधिवत जनगणना कराई जाएगी। अभियान को समयबद्ध और त्रुटिरहित बनाने के लिए कर्मचारियों और प्रगणकों को प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, लेकिन शुरुआती पांच दिनों में केवल 613 परिवारों का ब्यौरा दर्ज होना अभियान की धीमी प्रगति को उजागर कर रहा है।

स्वगणना महज ऑनलाइन फॉर्म भरने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि देश की जनगणना की बुनियाद है। इसके आधार पर आबादी, परिवारों की आर्थिक स्थिति, शिक्षा, रोजगार, मकान और बिजली-पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े आंकड़े जुटाए जाएंगे। इन्हीं आंकड़ों के आधार पर राशन, आवास, पेंशन, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का बजट और जरूरतें तय करने में मदद मिलेगी। ऐसे में आंकड़ों में चूक का असर योजनाओं के लाभार्थियों तक पहुंचने वाली सुविधाओं पर भी पड़ सकता है।

स्वगणना की धीमी रफ्तार को देखते हुए प्रशासन ने सुपरवाइजरों और प्रगणकों को अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उपजिलाधिकारी निधि ने कहा कि स्वगणना के कार्य में तेजी लाने के लिए सभी सुपरवाइजरों और प्रगणकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इस महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

————-



Source link