चित्रकूट। रैपुरा के सरदार पटेल इंटर कॉलेज में चल रही तीन दिवसीय 26वीं जनपदीय स्काउट-गाइड रैली के दूसरे दिन रविवार को स्काउट-गाइड ने शानदार प्रदर्शन किया।
विषम परिस्थिति में अपने आप व समाज को सुरक्षित रखने के लिए तंबू, पुल, टावर, गेट और गैजेट्स का सांकेतिक रूप से निर्माण कर बच्चों ने सभी का मन मोह लिया।
दिन भर चली प्रतियोगिताओं में गांठ बंधन, प्राथमिक चिकित्सा, स्किल ओ रामा, झांकी, कैंप फायर, तंबू, पुल, गेट और टावर निर्माण में सभी स्काउट-गाइड ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने अपनी टीम को प्रथम, द्वितीय स्थान पर लाने के लिए हर संभव प्रयास किया।
निर्णायक के रूप में प्रशिक्षित स्काउटर व गाइडर मोहनलाल दीन, अनिल कुमार सिंह, हरिहरनाथ सिंह, सीताराम सिंह, आराधना सिंह, अर्चना यादव, शहनाज बानो, रामदयाल, जानकीशरण, रामबाबू वर्मा, इंद्रेश श्रीवास्तव आदि रहे। रैली का संचालन डीओसी ललित कुमार ने किया।
इस मौके पर प्रबंधक मइयादीन पटेल, प्रधानाचार्य कृष्ण कुमार सिंह, जिला सचिव सुरेश प्रसाद, जिला क्रीड़ा सचिव अवधेश कुमार सिंह सहित स्काउट मास्टर, गाइड कैप्टन व गोस्वामी तुलसीदास राजकीय महाविद्यालय कर्वी के रोवर-रेंजर भी मौजूद रहे। रैली का समापन सोमवार को होगा।
