संवाद न्यूज एजेंसी, लखनऊ
Updated Mon, 19 Aug 2024 02:45 AM IST
श्रावस्ती। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज भिनगा में 11 साल पहले लाखों रुपये खर्च कर शुरू हुआ अतिरिक्त कक्षा कक्ष व लैब का निर्माण अधूरा पड़ा है। शासन की ओर से बजट न मिलने के कारण यह निर्माणाधीन भवन जर्जर हो रहा है। अगर ये बन जाए तो विद्यार्थियों को सहूलियत मिल जाए।
भिनगा स्थित राजकीय बालिका इंटर कालेज में वर्ष 2013 में चार प्रयोगशाला निर्माण के लिए 24 लाख 40 हजार की स्वीकृति प्रदान की गई थी। इसके साथ ही दस अतिरिक्त कक्षा कक्ष निर्माण के लिए 58 लाख 80 हजार रुपये की धनराशि जारी की गई थी। साथ ही इसके लिए सी एंड डीएस को कार्यदायी संस्था नामित करते हुए संपूर्ण धनराशि अवमुक्त कर दी गई थी।
कार्यदायी संस्था की ओर से निर्माण कार्य की धीमी गति के कारण भवन निर्माण की लागत बढ़ गई जिसके चलते कार्य अधूरा रह गया। इसे पूरा करने के लिए संस्था की ओर से अतिरिक्त धनराशि की मांग की जा रही है। अब ये पैसा न मिलने के कारण निर्माण अधूरा है। ऐसे में इनमें बड़ी बड़ी झाडिय़ां उगने के कारण जहां विषैले जीव जंतुओं का खतरा भी है।
वहीं अधूरे निर्माण के कारण हैंडओवर से पहले ही भवन जर्जर हो रहा है। इस बारे में जिला विद्यालय निरीक्षक मिथिलेश कुमार का कहना है कि पांच अतिरिक्त कक्षा कक्ष व दो लैब कक्ष को हैंडओवर कराया जा चुका है। शेष के निर्माण के लिए शासन को पत्र भेज कर बजट की मांग की गई है।
