फोटो : 17::::ट्रांसफार्मर को ठंडा करने के लिए लगाया गया कूलर। संवाद
दिन में कई बार पानी डालकर भी किया जा रहा ट्रांसफार्मरों को ठंडा
संवाद न्यूज एजेंसी
जसवंतनगर। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही गर्मी से बढ़ती बिजली की खपत के साथ सब स्टेशनों के ट्रांसफार्मर भी ओवर हीट हो रहे हैं। ऐसे में इन्हें फुंकने से बचाने के लिए बिजली विभाग इन्हें कूलर की ठंडी हवा खिला रहा है। इसके साथ ही बीच बीच में ट्रांसफार्मर पर पानी का छिड़काव भी करना पड़ रहा है।
कस्बे के हाईवे किनारे स्थित नवीन सबस्टेशन पर ट्रांसफार्मरों को अत्यधिक गर्म होने से बचाने के लिए विभाग ने कूलर लगवा दिए हैं। इसके साथ ही ट्रांसफार्मरों के आसपास लगातार पानी का छिड़काव भी किया जा रहा है, ताकि तापमान नियंत्रित रखा जा सके और ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबियों की संभावना कम हो। बिजली विभाग के अनुसार इन दिनों तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच रहा है, जिसके चलते ट्रांसफार्मरों के तेल का तापमान बढ़ने से उनके फुंकने का खतरा बढ़ जाता है। ऐसी स्थिति में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति लंबे समय तक बाधित हो सकती है। एसडीओ आनंद पाल ने बताया कि गर्मी के मौसम में बिजली की मांग सामान्य दिनों की तुलना में काफी बढ़ जाती है। ऐसे में विभाग का प्रयास है कि उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराई जाए और किसी भी संभावित समस्या का समय रहते समाधान किया जा सके। उन्होंने उपभोक्ताओं से अनावश्यक बिजली खर्च से बचने की अपील की।
