Contractual conductor dies in accident while returning from a feast

मृतक दिलीप का फाइल फोटो

एटा। समारोह में दावत खाने के बाद घर लौट रहे रोडवेज के संविदा परिचालक की सड़क हादसे में मौत हो गई। दरबपुर गांव के पास ईंटों से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉला से बाइक टकराने पर हादसा हुआ। परिचालक की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वह अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चे छोड़ गए हैं।


गांव सैलार निवासी संदेश कुमार ने बताया कि बेटा दिलीप (38) एटा डिपो में संविदा पर परिचालक था। वह करीब एक सप्ताह से छुट्टी पर चल रहा था। शुक्रवार को मारहरा में एक समारोह में दावत खाने गया था। रात में घर लौटते समय पिलुआ थाना क्षेत्र में गांव दरबपुर के पास उसकी बाइक ईंटों से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉला से टकरा गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

आसपास के लोग व राहगीरों ने उसे एंबुलेंस के माध्यम से मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। दिलीप की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। आठ वर्षीय बेटा अंशुल और पांच वर्षीय बेटी अंशु के सिर से पिता का साया उठ गया।

सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक प्रदीप यादव ने बताया कि दिलीप कुमार डिपो में परिचालक के पद पर कार्यरत थे। उनकी शुक्रवार की देर रात सड़क हादसे में मौत की सूचना मिली। पुलिस की ओर से पोस्टमार्टम कराने के बाद शव घर पहुंचा। यहां निगम की ओर से निर्धारित 20 हजार रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई गई। इसी धनराशि से दिलीप के शव का अंतिम संस्कार कराया गया। सीओ सदर संकल्पदीप कुशवाहा ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी।



Source link