इटावा जिले में 17 अगस्त को भरथना कोतवाली क्षेत्र के चंदेठी गांव में मां-बेटी की हत्या के बाद पुलिस ने एक आरोपी मुकेश के पैर में गोली मारकर गिरफ्तार किया था। इस मुठभेड़ से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह आरोपी के पैर में पट्टी बांधते हुए नजर आ रहे हैं। साथ ही, उससे पूरी घटना के बारे में बड़ी ही शालीनता से पूछ रहे हैं।
यह वीडियो वायरल करके अब लोग प्रभारी निरीक्षक और उनकी टीम पर तंज कस रहे हैं। पांच मिनट 16 सेकेंड के इस वीडियो में जेब से कारतूस, स्कूटी की डिग्गी से रुपये और मोबाइल की बरामदगी दिखाई जा रही है। लोग कह रहे हैं कि इन दरोगा जी को धुरंधर -3 में मौका देना चाहिए। कमेंट में यह तक कहा जा रहा है कि 51 सेकंड की हल्की सी चूक छोड़ दें, तो बिना रीटेक के क्या गजब की एक्टिंग है!
