ताजमहल की सुरक्षा में लापरवाही सामने आई है। ताज के पश्चिमी गेट पर लगा बैग स्कैनर तीन महीने से खराब पड़ा है। स्कैनर की जगह हैंडहेल्ड डिटेक्टर से पर्यटकों के बैग और सामान की जांच केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवान कर रहे हैं। शनिवार-रविवार को सैलानियों की भारी भीड़ में स्कैनिंग न होने से मैनुअल जांच के दौरान ज्यादा समय लग रहा है। इससे पर्यटकों की लंबी-लंबी लाइनें लग रहीं हैं।
चेकिंग न हो पाने का फायदा उठाकर कई बार प्रतिबंधित सामान (जैसे लाइटर, सिगरेट, चाकू या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण) ताज परिसर के भीतर पहुंच चुका है। स्थानीय गाइडों का कहना है कि दुनिया भर से आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा के लिए करोड़ों रुपये का बजट है, लेकिन महीनों से स्कैनर खराब है। यह बड़ी चूक है। सीआईएसएफ के डिप्टी कमांडेंट राकेश शुक्ला ने बताया कि बैग स्कैनर में तकनीकी खराबी आ जाने से इसके लिए एएसआई से कहा गया है। मुख्यालय प्रस्ताव जा चुका है। इसी माह स्कैनर ठीक होने की उम्मीद है।