इटावा। इस बार मानसून जिले पर मेहरबान रहा है। 21 सितंबर तक जिले में सामान्य से 17.4 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई है। जून से 21 सितंबर तक इटावा में 647.6 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि इस अवधि की सामान्य बारिश 551.8 मिलीमीटर है। इस तरह जिले में सामान्य से 95.8 मिलीमीटर अधिक पानी बरसा है। पिछले वर्ष 21 सितंबर तक 571.4 मिलीमीटर बारिश हुई थी। यानी इस बार पिछले साल के मुकाबले 76.2 मिलीमीटर अधिक बारिश दर्ज की गई है।
बारिश के लिहाज से जिला प्रदेश के उन 34 जिलों में शामिल है, जहां वर्षा सामान्य श्रेणी में है। इस श्रेणी में सामान्य के 80 से 120 फीसदी तक बारिश वाले जिले आते हैं। जिले में यह आंकड़ा 117.4 फीसदी है। कानपुर मंडल के छह जिलों की तुलना करें तो सामान्य के मुकाबले बारिश के प्रतिशत में इटावा तीसरे स्थान पर है। कानपुर नगर में सामान्य 602.1 मिलीमीटर के मुकाबले 890 मिलीमीटर बारिश हुई, जो सामान्य की 147.8 फीसदी है। कन्नौज में सामान्य 650.4 मिलीमीटर के मुकाबले 834.9 मिलीमीटर बारिश हुई, यानी 128.4 फीसदी। इसके बाद इटावा में 647.6 मिलीमीटर यानी 117.4 फीसदी बारिश हुई। मंडल के औरैया में सामान्य 504.7 मिलीमीटर के मुकाबले 540.6 मिलीमीटर बारिश हुई, जो सामान्य की 107.1 फीसदी है। वहीं, फर्रुखाबाद में सामान्य 712.6 मिलीमीटर के मुकाबले 620.7 मिलीमीटर बारिश हुई और यह आंकड़ा 87.1 फीसदी रहा। सबसे कम बारिश कानपुर देहात में हुई। यहां सामान्य 560.9 मिलीमीटर के मुकाबले सिर्फ 206.3 मिलीमीटर बारिश हुई, जो सामान्य की 36.8 फीसदी है। कानपुर देहात सामान्य से अल्प वर्षा वाली श्रेणी में है।
वरिष्ठ मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडे ने बताया कि जिले में अब तेज बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालांकि अभी अगले एक सप्ताह तक स्थानीय स्तर पर हल्की बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है। फिलहाल मौसम विभाग की ओर से बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
