इटावा। भरथना थाना क्षेत्र में बुधवार शाम सती मंदिर के आगे ई-रिक्शा और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार चाचा की मौत हो गई, जबकि उसका भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।


भरथना थाना क्षेत्र के गिरधारीपुरा निवासी राजीव कुमार उर्फ बॉबी (20) बुधवार देर शाम अपने भतीजे अंकित के साथ बाइक से बिधूना रोड स्थित छोला मंदिर के पास मिर्गी की बीमारी की दवा लेने गया था। दवा लेकर दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। सती मंदिर के आगे पहुंचते ही सामने से आ रहे ई-रिक्शा ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने राजीव को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर हालत को देखते हुए अंकित को आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय रेफर कर दिया गया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। पिता सुनील कुमार ने बताया कि राजीव तीन भाइयों में सबसे छोटा था। वह भटिंडा में कबाड़ का काम करता था। रक्षा बंधन पर 27 अगस्त को घर आया था। मिर्गी की बीमारी के चलते बुधवार को दवा लेने गया था। इसी दौरान हादसे में उसकी जान चली गई।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *