भरथना। दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर भरथना-साम्हों रेलवे स्टेशन के मध्य शनिवार रात मऊ एक्सप्रेस में चेन पुलिंग होने से डाउन ट्रैक का यातायात प्रभावित हुआ। ट्रेन के सात मिनट तक बीच ट्रैक पर खड़े रहने के कारण पीछे से आ रही वीआईपी ट्रेन तेजस राजधानी एक्सप्रेस को भी भरथना स्टेशन पर रोकना पड़ा।

शनिवार रात करीब 8:30 बजे भरथना और साम्हों रेलवे स्टेशन के बीच किमी संख्या 1135/24 पर 15026 डाउन आनंद विहार टर्मिनल-मऊ साप्ताहिक एक्सप्रेस में सवार किसी यात्री ने एसीपी (अलार्म चेन पुलिंग) कर दी। प्रेशर डाउन होने के कारण ट्रेन बीच ट्रैक पर ही रुक गई। रेलवे सुरक्षा बल और ट्रेन स्टाफ ने मौके पर पहुंचकर प्रेशर ठीक किया, जिसके बाद रात 8:37 बजे ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया जा सका।

इस दौरान पीछे से आ रही ट्रेन संख्या 12310 नई दिल्ली-राजेंद्र नगर तेजस राजधानी एक्सप्रेस को एहतियातन भरथना रेलवे स्टेशन पर रोकना पड़ा। मऊ एक्सप्रेस के आगे बढ़ने और ट्रैक क्लियर होने के बाद ही तेजस राजधानी को गंतव्य की ओर रवाना किया गया। उत्तर-मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल के पीआरओ अमित कुमार सिंह ने बताया कि बिना इमरजेंसी के चेन पुलिंग करना अपराध है। पकड़े जाने पर जुर्माना व सजा दोनों का प्रावधान है।



Source link