Wanted criminal in a robbery case arrested following an encounter; sustains gunshot wound to the leg

फोटो 11::गोली लगने से घायल बदमाश। स्रोत पुलिस

बकेवर। छिनैती और झपट्टामारी समेत चोरी, लूट और गैंगस्टर एक्ट के 30 मामलों में वांछित बदमाश को बुधवार रात पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। महेवा-अछल्दा मार्ग पर कुरियानी बंबा के पास घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर दो बार फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लग गई।


पुलिस ने उसके कब्जे से तमंचा, दो कारतूस, फर्जी नंबर प्लेट लगी बाइक और 700 रुपये बरामद किए हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए सीएचसी भेजा गया। मुठभेड़ की सूचना पर एसपी ग्रामीण और सीओ भरथना भी मौके पर पहुंचे।

एसपी ग्रामीण श्रीशचंद्र ने बताया कि बुधवार की रात थानाध्यक्ष विपिन मलिक और अहेरीपुर चौकी प्रभारी अमरकांत त्यागी पुलिस टीम के साथ महेवा-अछल्दा मार्ग पर निवाड़ी कला पेट्रोल पंप के आगे संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान निवाड़ी कला की ओर से एक बाइक सवार आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो उसने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी और चिमकुनी बॉर्डर की ओर भागने लगा।

पुलिस टीम ने चिमकुनी बॉर्डर पर चेकिंग कर रही दूसरी टीम को सूचना देकर आरोपी का पीछा शुरू कर दिया। दोनों टीमों ने कुरियानी बंबा के पास घेराबंदी की। खुद को घिरा देखकर आरोपी बाइक से कुरियानी गांव की ओर भागने लगा। तेज रफ्तार के चलते उसकी बाइक फिसलकर गिर गई। इसके बाद उसने पुलिस टीम पर दोबारा फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लग गई और उसे मौके पर ही दबोच लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी इकदिल के मानिकपुर मोड़ का रहने वाला सलमान है। वह वर्तमान में सिविल लाइन थाना क्षेत्र की आसरा आवास कॉलोनी में रह रहा था। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत 30 मामले दर्ज हैं। एसपी देहात ने बताया कि सलमान भरथना थाने में दर्ज छिनैती के एक मुकदमे में भी वांछित था। इस मामले में उसका साथी अनुज शाक्य अक्तूबर को भरथना पुलिस की मुठभेड़ में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है। सलमान के पास से बरामद 700 रुपये इसी मुकदमे से संबंधित बताए गए हैं।



Source link